ईरान की नौसेना का सबसे बड़ा जहाज आग लगने के बाद बुधवार को डूब गया है। ओमान की खाड़ी में हुए इस हादसे की वजह से अभी तक स्पष्ट नहीं है। ईरान की अर्ध सरकारी समाचार एजेंसी फार्स और तसनीम ने यह जानकारी दी है। खर्ग नाम के इस जहाज को बचाने के लिए भरसक प्रयास किये गये, लेकिन वह डूब गया। यह जहाज ईरान के जस्क (Jask) बंदरगाह के पास डूबा। यह तेहरान से करीब 1270 किलोमीटर की दूरी पर है। यह हादसा स्ट्रेट ऑफ हॉरमूज के पास हुआ है, जो फारस की खाड़ी का एक संकरा रास्ता है।
इस जहाज का नाम खर्ग द्वीप पर रखा गया है, जो ईरान का प्रमुख तेल टर्मिनल है। जानकारी के मुताबिक देर रात 2.25 बजे इस जहाज में आग लग गई थी। दमकलकर्मियों ने इसे बुझाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह सफल नही हो सके।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में जहाज से धुआँ निकलता हुआ दिख रहा है तथा जहाज के कर्मी जैकेट पहनकर जहाज छोड़कर पानी में तैरकर जान बचाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
यूएस नेशनल ओसियेनिक एंड एटमसफेरिक एडमिनिस्ट्रेशन ने जहाज में लगी आग का पता अंतरिक्ष में सेटेलाइट के जरिए लगा लिया था। उसने ईरानी मीडिया के रिपोर्ट किए जाने से पहले ही इसकी सूचना दे दी थी।
आपको बता दें कि यह जहाज ईरान की नौसेना की ताकत बढ़ाने में सक्षम था। भारी से भारी कार्गो उठाने में सक्षम इस जहाज से हेलिकॉप्टर्स की लॉन्चिंग भी की जा सकती है। इस जहाज का निर्माण 1977 में ब्रिटेन में हुआ था और 1984 में इसे नौसेना में शामिल किया गया था। इसके लिए ईरान को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। करीब पांच साल तक बातचीत के बाद यह जहाज ईरान को मिला था। आग के पीछे की वजह को लेकर ईरान की ओर से कोई बयान नहीं आया है। हालांकि 2019 से ओमान की खाड़ी में आए दिन इस तरह की संदिग्ध घटनाएं हो रही हैं। अमेरिकी नौसेना ने बाद में आरोप लगाया था कि ईरान उनके जहाजों को निशाना बना रहा है।
No Comments: