शमशाद रज़ा अंसारी
नई दिल्ली
एक महीने से अधिक के लॉकडाउन के बाद अब दिल्ली अनलॉक के लिए तैयार है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसकी घोषणा की। केजरीवाल ने दिल्ली की स्थिति में तेज़ी से सुधार का श्रेय दिल्ली की जनता को दिया है। पहले हफ्ते में कन्स्ट्रक्शन एवं फैक्ट्रियों को चालू किया जायेगा।
प्रेस को जानकारी देते हुये अरविंद केजरीवाल ने कहा कोरोना के ख़िलाफ़ इस लड़ाई में दिल्लीवासियों की मेहनत से दिल्ली में स्थिति तेज़ी से सुधर रही है, लॉकडाउन के बाद अब दिल्ली धीरे-धीरे अनलॉक के लिए तैयार है। मौज़ूदा लॉकडाउन सोमवार सुबह 5 बजे ख़त्म हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज एलजी की अध्यक्षता में डीडीएमए (दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट ऑथोरिटी) की मीटिंग हुई। उसमें निर्णय लिया गया कि धीरे-धीरे लॉकडाउन खुलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बड़ी मेहनत से,बड़ी मुश्किल से कोरोना काबू में आया है। लेकिन अभी पूरी लड़ाई जीती नही है। एक्सपर्ट का मानना है कि कहीं ऐसा न हो कि एकदम लॉक डाउन खोलने से जो पिछले एक महीने का लॉकडाउन लगा है,वो व्यर्थ हो जाये।
केजरीवाल ने कहा कि अनलॉक में सबसे पहले समाज के सबसे ग़रीब तबके का ख़्याल रखना है। मजदूर, दिहाड़ी मजदूर,प्रवासी मजदूर बड़ी मुश्किल परिस्थिति में जीते हैं। ऐसे मजदूर कन्स्ट्रक्शन एवं फैक्ट्री में अधिक होते हैं। आज मीटिंग में तय हुआ है कि मजदूर तबके को ध्यान में रखते हुये सोमवार से अगले एक हफ्ते के लिए कन्स्ट्रक्शन एवं फैक्ट्री गतिविधियाँ शुरू की जाएँगी। इसके लिए गाइडलाइन बाद में जारी कर दी जाएँगी।
No Comments: