नई दिल्ली
लॉक डाउन लगने के बाद भी दिल्ली में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोरोना से आम और खास हर कोई प्रभावित है। दिन प्रतिदिन मृतकों की संख्या में इजाफा हो रहा है। रविवार को दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के पिता का कोविड संक्रमण के चलते निधन हो गया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्विट करके उनके निधन की जानकारी दी और शोक जताया।
केजरीवाल ने लिखा, ‘हमारे स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के पिता का कोविड संक्रमण से निधन हो गया। बेहद दुख है। सत्येंद्र जैन खुद 24 घंटे दिल्ली के लोगों के लिए बिना थके काम कर रहे हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और मेरी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं।’
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी ट्वीट करके सत्येंद्र जैन के पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
आपको बता दें कि दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में जारी लॉकडाउन की अवधि को एक सप्ताह बढ़ाने की घोषणा की थी। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा था कि दिल्ली में लॉकडाउन एक और सप्ताह के लिए बढ़ाया जा रहा है। वर्तमान लॉकडाउन की मियाद तीन मई को सुबह पांच बजे समाप्त होने वाली थी, जिसे एक सप्ताह बढ़ाया गया है।
दिल्ली के आंकड़ों की बात करें तो शनिवार को पिछले 24 घंटों में दिल्ली में कोरोना से 412 मौतें हुई हैं और 25,219 नए कोविड मामले सामने आए। इसके अलावा 27,421 लोग रिकवर हुए थे। दिल्ली में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 96,747 है। वहीं दिल्ली में कोरोना पॉजिटिविटी रेट 31.61 % है।
यदि राष्ट्रीय स्तर के आंकड़ों की बात की जाए तो देशभर में कोरोना के एक्टिव रोगियों की संख्या 33.49 लाख के पार जा चुकी है। बीते 24 घंटे के दौरान ही 3.92 लाख से ज्यादा से लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। 24 घंटे के दौरान ही देशभर में कोरोना से 3689 लोगों की मौत हुई है। इससे पहले शनिवार को 24 घंटे में चार लाख से अधिक कोरोना रोगी पाए गए थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देशभर में 24 घंटे के दौरान 18 लाख से अधिक लोगों की कोरोना जांच की गई। इनमें से 3,92,488 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। 24 घंटे में ही देशभर में 3689 लोगों की मौत हुई। इसी दौरान दोनों 3,07,865 कोरोना रोगी स्वस्थ हुए हैं।
No Comments: