नूंह। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर नूंह विधानसभा से बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मुंडका बार्डर रवाना होंगे। कांग्रेस विधायक दल उप नेता चौधरी आफताब अहमद के नेतृत्व में यात्रा में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी व भूमिका तय करने के लिए कल जिला कांग्रेस मुख्यालय नूंह पर बैठक आयोजित की गई। नूंह विधायक आफताब अहमद व पीसीसी सदस्य महताब अहमद ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को वैसे तो पूरे देश में भरपूर समर्थन व प्यार मिल रहा है, लेकिन ये यात्रा मेवात में ऐतिहासिक होनी चाहिए क्योंकि मेवात की सरजमीं महात्मा गांधी की धरती है।
बता दें कि हरियाणा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की एंट्री होने जा रही है। 22 दिसंबर को मेवात में हरियाणा कांग्रेस यात्रा का स्वागत करेगी। यात्रा के जिले में सफल आयोजन के लिए चौधरी आफताब अहमद सहित दोनों विधायक, पीसीसी सदस्य महताब अहमद आदि लगातार
तैयारियों में जुट गए हैं। भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा में 3 दिन तक रहेगी। 21 दिसंबर को मुंडका बार्डर होते हुए मेवात आकर, 22 रात्रि पड़ाव नूंह विधानसभा के आंकेडा गांव में रहेगा। 23 को ही नूंह में यात्रा होते हुए सोहना में पब्लिक मीटिंग का आयोजन होगा। शाम को मथुरा रोड बड़खल में रात्रि विश्राम होगा। 24 दिसंबर को बदरपुर बॉर्डर से यात्रा दिल्ली में प्रवेश करेगी।
विधायक आफताब अहमद ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि तीन दिन पूरी मेहनत व ताकत झोंक कर पूरे जोश के साथ भारत जोडों यात्रा को सफल बनाकर राहुल गांधी के हाथ मजबूत करें, ताकि वो लोकतंत्र व संविधान की मजबूत तरीके से रक्षा कर सकें।
चौधरी आफताब अहमद ने कहा कि ने कहा कि हरियाणा के अंदर लोग बदलाव चाहते है, क्योंकि सरकार की नीतियों से लोग त्रस्त है। हरियाणा में सुरक्षा व्यवस्था चौपट हो गई है। विकास की पटरी से हरियाणा उतर गया है। आज हरियाणा देश के अंदर मंहगाई, बेरोजगारी ओर भ्रष्टाचार में पहले नंबर पर पहुँच गया है, इसलिए लोग व्यापक तौर पर हरियाणा में बदलाव चाहते हैं।
विधायक आफताब अहमद ने कहा की भारत जोड़ों यात्रा का मकसद गरीब, किसान, कर्मचारी और युवाओं का विकास करना है। दीपेंद्र हुड्डा ने भी हाल ही में नूंह में कहा था कि कांग्रेस की सरकार आने पर हरियाणा में बुढापा पेंशन 6 हजार रुपये देना, 300 यूनिट बिजली मुफ्त देना, सोहना को मेट्रो से जोड़ना, मेवात को रेलवे लाइन से जोड़ना और गरीब परिवारों को 100-100 गज के बने हुए फ्लेट दिए जाएंगे।
वहीं पीसीसी सदस्य महताब अहमद ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल उप नेता आफताब अहमद की अगुवाई में कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं और सभी संकल्पबद्ध हैं कि हर वर्ग राहुल गांधी का अभूतपूर्व स्वागत व सम्मान करेगा।
No Comments: