नई दिल्ली। राष्ट्रीय एकता और एक भारत श्रेष्ठ भारत के विजन को बढ़ावा देने के लिए भारत भारती ने लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर एक ऐतिहासिक अनेकता में एकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रीय सद्भाव, सांस्कृतिक एकजुटता और एकता के संदेश को प्रसारित करना है।
पांच दिवसीय अभियान की शुरुआत जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से हुई, जिसका नेतृत्व राष्ट्रीय संगठन मंत्री जगन्नाथ कुंजबिहारी स्वाइन और उत्तर भारत प्रभारी इरफान अहमद ने किया। यह विशेष प्रवास यात्रा सरदार पटेल की सेवाओं और 562 रियासतों के एकीकरण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को याद करने के लिए आयोजित की गई। इरफान अहमद ने बताया कि इस अभियान की अवधारणा जून 2025 में सूरत में आयोजित अखिल भारतीय बैठक में प्रस्तुत की गई थी। बैठक में 150 विश्वविद्यालयों, प्रमुख शिक्षण संस्थानों, आईआईटी, आईआईएम और देश के 150 प्रमुख शहरों में भारत भारती राष्ट्रीय एकता कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसका लक्ष्य देश की सांस्कृतिक और भाषाई विविधता को उजागर कर युवाओं में एकता की भावना को बढ़ावा देना है, ताकि शैक्षणिक परिसरों में मिनी भारत की झलक दिखे।
श्रीनगर प्रवास के दौरान शेर-ए-कश्मीर एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर नजीर गनई के साथ एक भारत, श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने अक्टूबर में भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की सहमति दी। जम्मू दौरे में भारत भारती की अग्रणी टीम ने प्रमुख शैक्षिक हस्तियों, सरकारी अधिकारियों और सामाजिक नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से भी भेंट कर आगामी कार्यक्रमों के लिए पूर्ण समर्थन और उनकी उपस्थिति का आश्वासन प्राप्त किया गया। इस अवसर पर कश्मीर प्रभारी डॉ. अशोक कौल, रशीदा मीर सहित अन्य उपस्थित थे।
जम्मू प्रवास में समन्वयक जीवानंद शर्मा और सांस्कृतिक समन्वयक आरसी शर्मा, उपेंद्र शर्मा के नेतृत्व वाली टीम ने आईआईटी जम्मू के निदेशक डॉ. मनोज गौर, माता वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी, कटरा के उपकुलपति प्रगति कुमार, डीन स्टूडेंट्स वेल्फेयर प्रोफेसर मिश्रा, क्लस्टर विश्वविद्यालय के डीन एवं परीक्षा नियंत्रक रणविजय सिंह के साथ चर्चा की। इसके अतिरिक्त, भाजपा मुख्यालय में पार्टी उपाध्यक्ष राजीव चारक के साथ विशेष बैठक हुई, जिसमें अभियान की सफलता के लिए राजनीतिक और प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन मिला।
यात्रा के समापन पर गांधीनगर स्थित भारत भारती कार्यालय में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ नागरिक, सांस्कृतिक हस्तियां और संगठन के सदस्य शामिल हुए। जीवानंद शर्मा ने कहा, भारत भारती केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विविधता में एकता और अजेय राष्ट्रीय भावना का प्रतीक है, जो देश की सांस्कृतिक विरासत और जन सद्भाव का प्रतिबिंब है।
यह अभियान जम्मू-कश्मीर सहित देश के अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहेगा, ताकि देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक गौरव को बढ़ावा मिले। इस आंदोलन की जन स्वीकृति ने इसे एक मजबूत आधार प्रदान किया है, जो अखंड और सामंजस्यपूर्ण भारत के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा।
No Comments: