(मो. शाह नबी)
रामपुर। आजकल अखबारों एवं कुछ चैनलों पर एक खबर तेजी से चल रही है कि मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय में प्राप्त शिकायतों के आधार पर जिला प्रशासन द्वारा खुदाई की गयी। जिसमें विश्वविद्यालय की जमीन में सफाई करने वाली मशीन निकली। जोकि नगर पालिका परिषद से सम्बंधित है। जिसका खंडन करते हुए नगर पालिका परिषद अध्यक्ष फातिमा ज़बी ने एक प्रेसवार्ता की तथा इस खबर को निराधार बताया। परिषद अध्यक्ष का कहना है कि हमारे पास जितनी भी गाड़ियां हैं, उनके कागजात पूर्ण है। जिस समय की इस गाड़ी की बात कही जा रही है, उस समय जैन साहब पालिका में थे तथा इसके बारे में वही बेहतर बता सकते हैं।
पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल कि पुलिस का कहना है कि अनुराग और सालिम की निशानदेही पर ये बरामदगी हुई है, इसके जवाब में पालिकाध्यक्ष ने पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या पुलिस सब सच कह रही है। उनका कहना था कि क्या आज तक जितने मुकद्दमे हुए हैं, वो सब सच हैं। उनका सीधा कहना है कि पुलिस और प्रशासन के लोग हमें जान बूझकर परेशान कर रहे हैं। क्या मुसलमान होना ही हमारा जुर्म है, जिसके लिए हमें इतना प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि पुलिस और प्रशासन हमें इतना प्रताड़ित कर रहा है कि हम मरने को मजबूर हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की धज्जियां उड़ा दी गयी हैं, लोकतंत्र खत्म हो चुका है। उन्होंने राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज के जमाने में राजनीति इतनी गंदी हो गई है कि एक विशेष समुदाय को जानबूझकर प्रताड़ित किया जा रहा है।
No Comments: