Header advertisement

ससुरालियों के ज़ुल्म से परेशान महिला ने की आत्महत्या, वीडियो बनाकर किया दर्द बयान

शमशाद रज़ा अंसारी

गाजियाबाद के थाना विजयनगर इलाके में एक महिला ने ससुरालियों के उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से पहले महिला ने वीडियो भी बनाई जिसमें उसने अपना दर्द बयान किया। महिला ने वीडियो में जो बयान किया उससे महिला के ससुरालियों का अमानवीय चेहरा सामने आया है। पुलिस ने मृतका के पिता द्वारा मामला दर्ज कराने पर महिला की सास और पति को गिरफ़्तार करके मामले की जाँच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के थाना विजयनगर इलाके की अकबरपुर बहरामपुर कॉलोनी में ही रहने वाले शकील नामक शख्स ने 4 साल पहले अपनी 25 वर्षीय बेटी चांदनी  का निकाह कॉलोनी में ही रहने वाले कमरुद्दीन के साथ किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही चांदनी को लगातार परेशान किया जाता था। चांदनी ने इस दौरान एक पुत्र और एक पुत्री को भी जन्म दिया। चांदनी ने अपने ऊपर हो रहे अत्याचार के बारे में अपनी मौत से पहले बनाई वीडियो में बयां किया है। उसने कहा कि उसे शुरू से ही पीटा जाता है और अब वह अपने ऊपर हो रहे अत्याचार को नहीं झेल सकती। उसने बताया कि उसकी सास जुबेदा उसका पति कमरुद्दीन खान लगातार उसे बेरहमी से पीटते हैं। उसने कहा कि  वह जीना चाहती है। लेकिन यह लोग उसे नहीं जीने देंगे। उसने यह भी कहा कि जब सर से पानी उतर चुका है, तब उसने यह कठोर कदम उठाया है। वह अपने बच्चों से भी बेहद प्यार करती है। लेकिन अत्याचार बहुत बढ़ गए हैं। इसलिए अब वह नहीं जीना चाहती। उसने कहा कि वह अपने आप को अब फांसी लगाकर आत्महत्या कर रही है। अंत में उसने न्याय की गुहार लगाते हुये कहा है कि उसे न्याय अवश्य दिलाया जाये।

इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए एस पी सिटी अभिषेक वर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अकबरपुर बहरामपुर कॉलोनी में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और इसकी गहनता से जांच शुरू कर दी गई। उनके मोबाइल में ही एक वीडियो मिली। जिसने मृतका ने आत्महत्या किए जाने का कारण अपने पति और सास को बताया है।

मृतका के पिता शकील ने थाने में अपनी बेटी चांदनी के पति कमरुद्दीन खान और सास जुबेदा खान एवं घर के अन्य लोगों को जिम्मेदार बताते हुए उनके खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी पति कमरुद्दीन और सास जुबेदा को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका द्वारा बनाई गई वीडियो के आधार और तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *