Header advertisement

राम मंदिर निर्माण के भूमिपूजन पर सत्ता से लेकर विपक्ष तक सब हुये ‘राममय’

शमशाद रज़ा अंसारी

बुधवार को प्रधानमन्त्री द्वारा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए किये गये भूमिपूजन के अवसर पर सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक ‘राममय’ हो गया। भाजपा के हर फैसले में मीन मेख निकालने वाले विपक्षी नेताओं ने भी भाजपा के इस कदम पर जय श्री राम का नारा लगाया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हों या समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, सभी एक सुर में ट्विटर पर श्रीराम की जय जयकार करते दिखाई दिए।
कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम सर्वोत्तम मानवीय गुणों का स्वरूप हैं। वे हमारे मन की गहराइयों में बसी मानवता की मूल भावना हैं। राम प्रेम हैं। वह कभी घृणा में प्रकट नहीं हो सकते। राम करुणा हैं। वह कभी क्रूरता में प्रकट नहीं हो सकते। राम न्याय हैं। वह कभी अन्याय में प्रकट नहीं हो सकते।”

हर समय भाजपा को निशाने पर रखने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, “भूमि पूजन के मौके पर पूरे देश को बधाई। भगवान राम का आशीर्वाद हम पर बना रहे। उनके आशीर्वाद से हमारे देश को भुखमरी, अशिक्षा और गरीबी से मुक्ति मिले और भारत दुनिया का सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बने। आने वाले समय में भारत दुनिया को दिशा दे। जय श्री राम! जय बजरंग बली!”

अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन से पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने “जय महादेव जय सिया-राम जय राधे-कृष्ण जय हनुमान’ से अपने ट्वीट की शुरुआत करते हुए कहा, “भगवान शिव के कल्याण, श्रीराम के अभयत्व एवं श्रीकृष्ण के उन्मुक्त भाव से परिपूर्ण सब रहें। आशा है वर्तमान और भविष्य की पीढ़ियां भी मर्यादा पुरुषोत्तम के दिखाए मार्ग के अनुरूप सच्चे मन से सबकी भलाई व शांति के लिए मर्यादा का पालन करेंगी।” पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने ट्वीट किया कि “भारतीयों की इस पुरानी आकांक्षा को पूरा करने वाले अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए ऐतिहासिक शिलान्यास पर भारत के लोगों को हार्दिक बधाइयां। भगवान श्रीराम का धर्म का सार्वभौम संदेश ना सिर्फ भारत बल्कि दुनिया भर का पथ प्रदर्शित करने वाला है।”

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *