ग़ाज़ियाबाद। वृक्षारोपण अभियान 2023 के सफल क्रियान्वयन के संबंध में गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में महापौर सुनीता दयाल तथा नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़, पार्षदगण तथा अधिकारीगण जुड़े। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाए जाने हेतु चर्चा की गई।मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश से जुड़े जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों को वृहद स्तर पर अपने-अपने क्षेत्रों में वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए गए।
गाजियाबाद नगर निगम द्वारा नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ के नेतृत्व में शहर में मियावाकी पद्धति से वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। जिसकी सराहना आयोजित बैठक में पार्षदों द्वारा की गई। लोहा मंडी इंडस्ट्रियल एरिया, इंदिरापुरम, विजय नगर, मोहन नगर व अन्य क्षेत्रों में लगातार कार्य जारी है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग समाप्त होने के उपरांत उपस्थित जनों को नगर आयुक्त द्वारा बताया गया कि वृक्षारोपण अभियान 2023 के अंतर्गत उद्यान विभाग के माध्यम से पांचों जोनों में 26 स्थानों का चयन कर गड्ढा खोदने की कार्यवाही पूर्ण करा कर पौधा रोपित करने का कार्य जारी है। जिसमें जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है। माह अप्रैल से अब तक 54986, पौधे रोपित किए जा चुके हैं, मियावाकी पद्धति से 80,177.80 वर्ग मीटर भूमि पर 74700 पौधे रोपित किए जा चुके हैं, इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए पांचो जोनों में 11 स्थान चिन्हित कर 2,46,650 पौधे रोपित करने का किया जा रहा है, सेंट्रल वर्ज ग्रीन बेल्ट ने भी पौधारोपण का कार्य निरंतर जारी है, अभियान को और अधिक वृहद स्तर पर चलाने के लिए जनप्रतिनिधियों का सहयोग प्राप्त हो रहा है। जिसके क्रम में कार्यवाही करने के लिए संबंधित उद्यान अधिकारी डॉ अनुज को निर्देशित किया गया।
महापौर सुनीता दयाल तथा नगर आयुक्त द्वारा शहर में सेंट्रल वर्ज, ग्रीन बेल्ट को हरा-भरा रखने हेतु विशेष कार्यवाही करने के निर्देश उद्यान विभाग को दिए गए। शहर के प्रवेश करने वाले मार्गों पर विशेष ध्यान देते हुए वृहद स्तर पर 1 सप्ताह में पौधारोपण अभियान चलाने के लिए निर्देश दिए। महापौर सुनीता दयाल द्वारा सभी पार्षदों को भी अपने अपने क्षेत्र में नगर निगम टीम के साथ मिलकर पौधारोपण करने के लिए कहा, साथ ही शहर वासियों से भी अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की। वृक्षारोपण के लिए जन जागरूकता अभियान चलाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया, शहर की कई सामाजिक संस्थाएं जोकि पौधारोपण के लिए इच्छुक हैं, उनको बढ़ावा देने के लिए भी कहा गया।
No Comments: