Header advertisement

गाजियाबाद: कांवड़ महोत्सव की तैयारियां शुरू, नगर आयुक्त ने अधिकारियों के साथ की वर्चुअल बैठक

गाजियाबाद: कांवड़ महोत्सव की तैयारियां शुरू, नगर आयुक्त ने अधिकारियों के साथ की वर्चुअल बैठक

गाजियाबाद नगर निगम द्वारा आगामी कांवड़ महोत्सव की तैयारियां तेजी से शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शनिवार को सभी विभागीय अधिकारियों और टीम के साथ वर्चुअल बैठक कर चल रहे कार्यों की रिपोर्ट ली। नगर आयुक्त ने जोनल प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे कांवड़ शिविरों के आयोजकों को प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा स्टील के बर्तन इस्तेमाल करने के लिए जागरूक करें।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश और स्वास्थ्य विभाग की टीम को कावड़ रूट पर साफ-सफाई के साथ-साथ फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

शिवालियों और मंदिरों के बाहर तथा कांवड़ रूट पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी शेषमणि यादव और स्वप्निल जैन को सौंपी गई है। मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी को बैरिकेडिंग कार्य के साथ-साथ कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए निगम द्वारा लगने वाले कांवड़ विश्राम स्थल को हर वर्ष की भांति व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज को अवांछित पेड़ों की कटाई-छटाई और सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है, जबकि महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद को कावड़ रूट पर पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने और पानी की पाइपलाइन के लीकेज तेजी से ठीक कर उनकी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।

निगम मुख्यालय में बने इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर और इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से इन सभी कार्यों की कड़ी निगरानी की जाएगी, जिसके लिए अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव और अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार को निर्देशित किया गया है। वर्चुअल बैठक में स्वास्थ्य विभाग को विशेष रूप से 24 घंटे अलर्ट पर रहने को कहा गया है, जिसमें पुरुष और महिलाओं के लिए लगने वाले मोबाइल टॉयलेट, स्थाई व अस्थाई शौचालयों, कांवड़ शिविरों तथा प्राचीन मंदिरों की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना शामिल है।

इसके साथ ही कांवड़ रूट पर आने वाले मार्गों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं, जिस पर निगम टीम ने कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

श्रावण मास में हर साल की तरह इस बार भी कांवड़ महोत्सव को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाए जा रहे हैं।

Next Post

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *