नई दिल्ली। हज कमेटी ऑफ इंडिया पार्लियामेंट एक्ट 2002 से बनी एक संवैधानिक संस्था है जो अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के अधीन काम करती है। दिल्ली एम्बार्केशन पॉइंट देश का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण हज यात्रियों को ले जाने वाला हवाई अड्डा है। हज-2022 की सफल हज यात्रा संपूर्ण होने के उपरांत दिल्ली आईजीआई एयरपोर्ट पर एक भव्य स्वागत समापन समारोह कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें 2022 हजयात्रा के दौरान इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे दिल्ली पर हज यात्रियों की हज सफर के ऑपरेशन में काम करने वाली समस्त एजेंसियों को बेहतरीन कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था से लेकर सफाई कर्मी तक सभी को प्रोत्साहन पत्र प्रदान कर हज-2022 के सफल कार्यक्रम को समाप्त किया गया। जिसमें सभी एजेंसियों ने अपना सहयोग दिया।
दिल्ली एम्बार्केशन पॉइंट के कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व मेंबर हज कमेटी ऑफ इंडिया मुहम्मद इरफ़ान अहमद ने बताया कि आगामी हज यात्रा 2023 के संदर्भ में जीएमआर के सीईओ विदेह कुमार जयपुरयार एवं अन्य अधिकारियों के साथ शनिवार को गहन चर्चा हुई जिससे कि आगामी हज यात्रा 2023 कैसे बेहतर और सुविधाजनक हो, इसको लेकर हर पहलू पर वार्ता हुई। आगामी हज यात्रा 2023 में दिल्ली एयरपोर्ट से लगभग 25 से 30 हजार यात्रियों के जाने की संभावना है। इस साल कोरोना बीमारी की वजह से सऊदी अरब हुकूमत ने कोटा एक तिहाई ही जारी किया था। जिसकी वजह से जीएमआर हवाई अड्डे प्रशासन ने सभी सुविधा और सहयोग देकर हज-2022 संपन्न कराया। इसके मद्देनजर हज 2023 में भी ऐसी ही सुविधाए मिलें, इन्हीं सब बातों पर हवाई अड्डा अधिकारियों से विस्तारपूर्वक बातचीत हुई और उन्होंने हमें आश्ववस्त किया कि आने वाले दिनों में आपको जानकारी देंगे कि हम हज-2023 की सभी सुविधाओं सहित कहाँ पर व्यवस्था करेंगे।
No Comments: