अलीगढ़
भारतीय कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी,प्रभारी उप्र और उप्र कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के आह्वान पर बृहस्पतिवार को अलीगढ़ कांग्रेस कमेटी ने किसानों के गेहूूँ खरीद की आखिरी तारीख 31 जुलाई तक बढ़ाने को लेकर हरदुआगंज मंडी समिति में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस के पदाधिकारियों ने किसानों एवं मंडी के अधिकारियों से उनकी समस्या के बारे में भी बात की।
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव बदरुद्दीन क़ुरैशी ने मंडी समिति में कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुये कहा कि यदि जरूरत महसूस हुई तो किसानों के हक में जेल भी भरेंगे,लाठी भी खाएंगे लेकिन किसान की हर परेशानी में साथ रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर कदम पर किसानों को धोखा दे रही है।
प्रेस से बात करते हुए उन्होंने बताया कि किसान का गेहूँ अभी भी 70 फीसदी सरकार ने नही खरीदा है। सरकार 250 क्विंटल गेहूँ एक दिन में ही खरीद रही थी जबकि गेहूँ मंडी में 2000 क्विंटल गेहूँ मौजूद था। किसान परेशान है, सरकार गेहूँ नही खरीद रही है। किसान व्यापारी को 1200 ,1300 रुपए क्विंटल पर बेचने को मजबूर है। कई किसानों को अपनी परेशानी की वजह से अधिकारियों के सामने रोता बिलखता भी देखा गया है।
यूथ कांग्रेस उपाध्यक्ष गौरांगदेव सिंह चौहान ने सरकारी क्रय केंद्र पर खरीद की आखिरी तारीख 31 जुलाई 2021 तक बढ़ाने की मांग की और कहा कि कोरोना महामारी और अभावों से जूझ रहे किसानों पर उप्र सरकार जुल्म ढा रही है। किसान ट्रैक्टर ट्राली लेकर खड़ा है और उसे टोकन तक नहीं मिला। जिन्हे मिला उनकी खरीद आधी हुई।
महानगर अध्यक्ष परवेज़ अहमद ने कहा कि किसान सम्मान के नाम पर भाजपा ने किसानों को दो हजार देकर चारों ओर से कंगाल बनाने का काम किया। कांग्रेस किसानों पर हो रहा अत्याचार बर्दाश्त नहीं करेगी।
ज़िला अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि किसानों को धोखा देने वाली भाजपा को सत्ता में रहने का हक नहीं है।
वहीं किसानों ने कहा कि सरकार किसानों पर जो अत्याचार कर रही है उसे किसान भूलेगा नहीं।
धरने में मुख्य रूप से मुकेश धनगर, अमित सिंह,अनवर, अकील, रहम खान , दिनेश शर्मा एनएसयूआई अध्यक्ष आकाश मसीह , सोशल मीडिया जिला अध्यक्ष शिवम सेनानी आदि कांग्रेस कार्यकर्तागण मौजूद रहे।
No Comments: