लखनऊ (यूपी) : समाजवादी पार्टी के मुख्यालय एवं प्रदेश के सभी जनपदों में पार्टी कार्यालयों में आज प्रखर समाजवादी नेता डाॅ0 राममनोहर लोहिया की 111वीं जयंती मनाई गई।
लखनऊ में मुख्य कार्यक्रम लोहिया पार्क स्थिति डाॅ0 लोहिया की आदमकद प्रतिमा पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की गयी।
अखिलेश यादव ने प्रखर समाजवादी चिंतक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं महान विचारक डाॅ0 लोहिया की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी मिलने के करीब 14वर्षो बाद गोआ को भारत का हिस्सा बनाने में अग्रणी भूमिका निभाने वाले समाजवादी महानायक लोहिया का हर देशवासी हमेशा कृतज्ञ रहेगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि आज ही भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव का भी बलिदान दिवस है। डाॅ0 लोहिया ने उनके प्रति सम्मान और श्रद्धा व्यक्त करने हेतु कभी अपना जन्म दिन नहीं मनाया था। भगत सिंह और डाॅ0 लोहिया दोनों समाजवाद के प्रति निष्ठा रखते थे। देश का भविष्य समाजवादी विचारधारा से जुड़ा है।
यादव ने कहा कि देश को आजादी के लिए लाखों लोगों ने अपना जीवन कुर्बान किया था। भगत सिंह ने देश में आजादी की नई तरह की क्रांति पैदा की। उससे देश का नौजवान जाग गया। वे अन्याय के खिलाफ जेल में भी लड़े। उनका योगदान देश के इतिहास में अमर है।
अखिलेश यादव ने कहा कि डाॅ0 राम मनोहर लोहिया जाति और साम्प्रदायिकता के खिलाफ, मनुष्य द्वारा मनुष्य के शोषण और अन्याय के खिलाफ हमेशा संघर्षरत रहे। उन्होंने सप्तक्रांति का जो दर्शन दिया विश्व के लिए वह आज भी अनुकरणीय और प्रासंगिक है।
No Comments: