Header advertisement

इन लोगों के आने से आप को यूपी पंचायत चुनाव, संगठन के निर्माण में मजबूती मिलेगी : संजय सिंह

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी में आज अपना दल, राष्ट्रीय क्रांति पार्टी समेत अन्य राजनीतिक दलों के तमाम कार्यकर्ता शामिल हुए। राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने पटका और टोपी पहनाकर आम आदमी पार्टी में स्वागत किया।

संजय सिंह ने कहा कि दूसरे राजनीतिक दलों से लोगों के आने से उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी को जिला पंचायत के चुनाव में और संगठन के निर्माण में मजबूती मिलेगी। आम आदमी पार्टी में शामिल होने वाले विक्रम सिंह पटेल ने कहा कि भाजपा की प्रदेश और केंद्र सरकार का सिस्टम सड़ चुका है।

युवाओं के मुद्दों पर इनका कोई ध्यान नहीं है। यह सरकार केवल धर्म के नाम पर लड़ाने का काम कर रही है। बृजलाल लोधी ने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में आम आदमी की आवाज बनकर उभर रही है। पार्टी ने किसानों और युवाओं के बीच में अलख जगाई है कि दिल्ली मॉडल को उत्तर प्रदेश में खड़ा किया जा सकता है

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में गुरूवार को बड़ी संख्या में दूसरे दलों के कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। इस दौरान प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी का परिवार लगातार बढ़ रहा है।

अपना दल के प्रदेश के तमाम पदाधिकारी आज आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के निजी सहायक रहे विक्रम सिंह पटेल, राष्ट्रीय क्रांति पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और अपना दल के पूर्व संगठन प्रभारी बृजलाल लोधी, राष्ट्रीय क्रांति पार्टी के पूर्व प्रदेश महामंत्री बीके सिंह, राष्ट्रीय क्रांति पार्टी के पूर्व जिला महासचिव और वर्तमान में भारतीय किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष जयपाल सिंह, राष्ट्रीय क्रांति पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष पीएस तोमर, मुकेश कुमार झा, आईपी सिंह, प्रकाश पाल, सुधीर पटेल सहित अन्य लोग आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं।

सांसद संजय सिंह ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि उत्तरप्रदेश में जिस तरह से विक्रम पटेल और बृजलाल लोधी ने काम किया है उसका लाभ उठाते हुए वे आम आदमी पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे। इनके आने से जिला पंचायत के चुनाव और संगठन के निर्माण में भी उत्तर प्रदेश के अंदर पार्टी को बहुत मजबूती मिलेगी।

विक्रम पटेल ने कहा कि देश की राजनीति का उत्तर प्रदेश हृदय है। उत्तर प्रदेश से देश की राजनीति का निर्धारण होता है। उस उत्तर प्रदेश की बदहाली किसी से छुपी हुई नहीं है। मैं इस सरकार में स्वयं केंद्रीय मंत्री के निजी सहायक के रूप में काम कर चुका हूं।

अगर अंदर की बात कही जाए तो भाजपा की प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार का सिस्टम पूरी तरीके से सड़ चुका है। वर्तमान राज्य और केंद्र सरकार का युवाओं के मुद्दों बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य पर कोई ध्यान नहीं है।

यह सरकार केवल जुमलेबाजी और धर्म के नाम पर लड़ाने का काम कर रही है। युवाओं को राजनीतिक कदम बढ़ाते हुए एक ऐसी पार्टी में जाना चाहिए जो स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सुशासन के लिए जानी जाती है।

सीएम अरविंद केजरीवाल की दिल्ली सरकार का मॉडल आज जन-जन तक पहुंच चुका है। लोगों को यह पता है कि अगर कहीं काम हो रहा है तो वह केवल अरविंद केजरीवाल की सरकार में हो रहा है। उत्तर प्रदेश की जनता आज इस बात की आस लगाए बैठी है कि काश हमारे यहां आम आदमी पार्टी की सरकार आए।

उत्तर प्रदेश के आगामी पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। माताओं-बहनों, बेरोजगार युवाओं के दर्द को अगर कोई बांटने वाला है तो वह सिर्फ आम आदमी पार्टी की सरकार हो सकती है। इसी उम्मीद के साथ मैं आम आदमी पार्टी में शामिल हुआ हूं।

अपनादल के पूर्व संगठन प्रभारी बृजलाल लोधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी एक आम व्यक्ति की आवाज बनकर उभर रही है। देश और उत्तर प्रदेश में जब से भारतीय पार्टी की सरकार आयी है तब से युवा, किसान लगातार इस चिंता में है कि आने वाले समय में हमारा क्या होगा।

उत्तर प्रदेश का किसान लगातार इस प्रयास में है कि इस सरकार से छुटकारा कैसे मिले। सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश में किसानों और युवाओं के बीच में एक अलख जगाई है कि दिल्ली के मॉडल को उत्तर प्रदेश में लाकर खड़ा किया जा सकता है।

हम सभी लोग आम आदमी पार्टी में शामिल होकर संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे। आम आदमी पार्टी आने वाले 2022 के विधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश में निर्णायक भूमिका में रहेगी।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *