लखनऊः समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि नोटबंदी, जीएसटी, कृषि विधेयक से लोग बेहाल हैं पर सरकार अपनी हठधर्मी और अहंकार में चूर कुछ भी सुनने को तैयार नहीं है। अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि भाजपा सरकार जुल्म भी करती है और कराहने भी नहीं देती है। रोज-रोज वह विकास और काम का नाटक करती है, जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा काम के अलावा सब कुछ कर सकती है। भाजपा सरकार की साजिशों से सावधान रहना होगा।
पार्टी मुख्यालय में इण्डियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सीडा, सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र जौनपुर के उद्यमियों को सम्बोधित करते हुये उन्होने कहा कि छोटे, मंझोले उद्योग बेकारी दूर करने में मददगार हो सकते हैं लेकिन भाजपा सरकार की नीयत साफ नहीं है। उद्यमियों द्वारा जोखिम उठाने के बाद भी उन्हें उन्हें अपमान झेलना पड़ता है। भाजपा सरकार उद्यमियों को धमकी देती है, उनका उत्पीड़न किया जाता है। एक अच्छी व्यवस्था सरकारी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में बेरोजगारी असीमित रूप से बढ़ी है। उद्योग के लिए अत्यावश्यक विद्युत के लिए भाजपा सरकार ने बिजलीघर नहीं बनाए हैं। इस सरकार में एक यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं हुआ। बैंक कर्ज नहीं दे रहे हैं, कानून व्यवस्था ध्वस्त है। छोटे उद्यमियों को सुरक्षा, सम्मान और राहत देने के बजाय भाजपा सरकार कारपोरेट को ही संरक्षण दे रही है। 20 लाख करोड़ के पैकेज का बड़ा प्रचार हुआ पर उत्तर प्रदेश को क्या मिला। कोई इस प्रदेश में इन हालात में उद्योग लगाने क्यों आएगा।
उन्होने कहा कि पूर्वांचल में औद्योगिक विकास के लिए भाजपा सरकार कोई ठोस योजना नहीं बना पाई है। मेडिकल सुविधाओं का विस्तार नहीं हो सका। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे जैसी सड़क नहीं बन सकी। समाजवादी सरकार में यूपी डायल 100 नम्बर से लोगों का घर बैठे काम हो रहा था, भाजपा सरकार ने उसे 112 नम्बर कर दिया पर यह सेवा काम ही नहीं करती है। ऐसे में अपराध कैसे रूकेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 में समाजवादी सरकार बनने पर उद्यमियों की सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। उन्हें तमाम सुविधाएं दी जाएगी ताकि तेजी से औद्योगिक विकास हो सके। श्रमिकों की खुशहाली के लिए सुविधाएं सुनिश्चित होंगी। राज्य में ग्रोथ, नौकरी और विकास होगा। उन्होंने प्रगतिशील विचार मानने वालों को सजग रहने को कहा क्योंकि भाजपा सरकार छलकपट और नफरत फैलाने में माहिर है। इतनी खराब सरकार कभी नहीं आई।
No Comments: