Header advertisement

बोले अशोक गहलोत- किसानों को विश्वास में लेकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा

नई दिल्ली : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि किसानों को विश्वास में लेकर उनकी हर समस्या का समाधान किया जाएगा। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर कस्बे में किसान आंदोलन के समर्थन में आयोजित महापंचायत में अशोक गहलोत ने स्थानीय किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि हर समस्या का समाधान किसानों के साथ विश्वास कायम करके ही किया जाएगा।

आपसी विश्वास से ही हर समस्या का समाधान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में किसानों की सबसे बड़ी समस्या सिंचाई पानी की है। इसके समाधान के लिए चाहे इंदिरा गांधी नहर हो, भाखड़ा परियोजना हो अथवा गंगनहर क्षेत्र, सभी छोटी-बड़ी नहरों की मरम्मत का करवाकर सिंचाई पानी की उपलब्धता को बढ़ाया जाएगा।

गहलोत ने कहा कि इंदिरा गांधी नहर की मरम्मत के लिए अगले दिनों में ली जाने वाली नहर बंदी के दौरान भी समुचित वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जाएंगी ताकि किसानों और आमजन को पानी की समस्या नहीं आए। इस इलाके की पानी की कमी को दूर करने के लिए राज्य सरकार पंजाब सरकार के साथ संपर्क बनाये हुए है। नहरी पानी की समस्या नहीं आने दी जाएगी।

इसी संदर्भ में उन्होंने डेढ़ दशक पूर्व जिले के घड़साना, रावला और अनूपगढ़ क्षेत्र में हुए उग्र किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।

गहलोत ने कहा कि श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय पर सरकारी मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्दी ही शुरू हो जाएगा। कृषि महाविद्यालय का पहला सत्र जल्दी शुरू होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष कोरोना संकट उभर कर सामने आया तो राज्य सरकार ने इसका पूरी कुशलता से सामना किया।

आम लोगों का भी बहुत बड़ा योगदान रहा। चिकित्सा स्वास्थ्य की अभूतपूर्व व्यवस्था की गई। किसी को भूखे नहीं रहने दिया गया।

उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कोरोना लगभग समाप्ति की ओर है लेकिन दुनिया के विभिन्न देशों में जिस तरह की खबरें आ रही हैं, उसे देखते हुए अभी हमें लगातार सावधान रहने की जरूरत है। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अभी भी करना होगा।

इससे पहले स्थानीय स्तर की किसानों की समस्याओं का हल नहीं किए जाने को लेकर इलाके में सबसे बड़े किसानों के संगठन ग्रामीण मजदूर किसान समिति (जीकेएस) में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी के आज के दौरे का विरोध करने की चेतावनी दी थी।

इसी परिप्रेक्ष्य में पदमपुर में आयोजित महापंचायत में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विशेष रूप से इलाके के किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए समाधान करने का विश्वास दिलाया।

इसी महापंचायत में स्थानीय कांग्रेसी विधायक गुरमीतसिंह कुन्नर ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का दो और बड़े मुद्दों की तरफ ध्यान आकृष्ट करवाया।

उन्होंने कहा कि इस इलाके के पेट्रोल पंप डीलर्स लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि डीजल पेट्रोल की कीमतों को पड़ोसी पंजाब व हरियाणा राज्यों के समान किया जाए ताकि डीजल-पेट्रोल की तस्करी रुके और पेट्रोल पंपों को बंद होने से बचाया जा सके।

दूसरा मुद्दा उन्होंने अनाज मंडियों में व्यापार करने वाले व्यापारियों पर लगने वाले टैक्स की दरें कम करने का उठाया। केंद्र सरकार द्वारा तीन नए कृषि कानून लाए जाने पर पंजाब और हरियाणा में मंडी टैक्स में काफी कमी कर दी हैं

जबकि राजस्थान में एक प्रतिशत कृषक कल्याण कोष टैक्स लगाकर इसमें वृद्धि कर दी गई। इससे मंडियों के कारोबार पर काफी असर पड़ा है। यहां के किसान कृषि जिंस बेचने पंजाब-हरियाणा जाने लगे हैं। गुरमीत कुन्नर ने मंडी टैक्स कम करने का मुख्यमंत्री से आग्रह किया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *