नूंह विधायक व कांग्रेस विधायक दल उप नेता चौधरी आफताब अहमद ने पत्रकार वार्ता कर मेवात में जिला परिषद, ब्लाक समीती, पंच और सरपंची के चुनावों पर प्रदेश की भाजपा जजपा सरकार को जमकर घेरा।
जिला कांग्रेस मुख्यालय नूंह पर विधायक आफताब अहमद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मेवात में जिला परिषद के चुनाव पार्टी सिंबल पर लड रही है, ये हास्यास्पद है और ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे भाजपा व उनके नेता मेवात की जनता को बेवकूफ समझ रहे हैं।
आखिर ऐसा क्या काम भाजपा ने मेवात के लिए कर दिया की पूरे हरियाणा में तो भाजपा की हिम्मत पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ने की हुई नहीं लेकिन मेवात में उन्होंने सिंबल पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया।
बता दें कि भाजपा पूरे प्रदेश में पार्टी सिंबल पर चुनाव नहीं लड रही है, लेकिन मेवात के अलावा सिर्फ दो अन्य जिलों से ही उम्मीदवारों को कमल का निशान आवंटित किया गया है। ऐसे में नूंह विधायक आफताब अहमद ने पत्रकार वार्ता कर भाजपा से ये सवाल पूछे हैं।
आफताब अहमद ने पूछा कि क्या भाजपा सरकार ने मेवात के लिए 248 ए राष्ट्रीय राजमार्ग गुड़गांव अलवर मार्ग का काम किया? क्या भाजपा सरकार ने मेडिकल कॉलेज नलहड में कोई सुधार किया? डाक्टर दिये? क्या भाजपा सरकार ने शिक्षक भर्ती मेवात कैडर में की? क्या भाजपा सरकार ने मेवात फीडर कैनाल दी? क्या केंद्रीय विद्यालय सालाहेड़ी नूंह का एक पत्थर आज तक लगा? क्या कूरथला में शहीद किरण शेखावत के नाम पर कालेज बना? क्या छपेडा ड्राइविंग स्कूल में कोई काम हुआ? क्या मेवात को पूरे शिक्षक मिले? क्या मेवात के खेतों से पानी निकासी हुई? क्या मेवात के किसानों को फसल खराबी का मुआवजा मिला? क्या मेवात के साथ भाजपा सरकार ने सौतेला व्यवहार बंद किया?
कांग्रेस विधायक दल उप नेता आफताब अहमद ने कहा कि कोई एक काम बताओ जो भाजपा सरकार ने किया हो? कुछ नहीं किया फिर भी मेवात में पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ने का दुस्साहस करना हास्यास्पद है। उन्होनें कहा कि भाजपा पार्टी और उसके स्थानीय मौकापरस्त नेता जान लें कि मेवात की आवाम उनके बहकावे में नहीं आने वाली। उन्होंने अपील की है कि मेवात के लोग उन लोगों को चुने जो लोगों के सुख दुख में काम आएं और साफ स्वच्छ छवी के हों और शांति से लोकतंत्र के महान पर्व का हिस्सा बनें।
आफताब अहमद ने चुनाव आयोग व प्रशासन से भी मांग की है कि चुनाव प्रक्रिया निस्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से कराई जाए। उन्होंने कहा कि भले ही दो साल देरी से चुनाव सरकार करा पाई है, लेकिन जनता जिम्मेदारी से अपनी भूमिका निभा कर अपनी खुद की सरकार चुनें।
वहीं आफताब अहमद ने 11 वें दिन हरियाणा सफाई कर्मचारियों व नगर निकाय व पालिका के कर्मियों की हड़ताल पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस कारण दीपावली पर्व पर भी शहरों में सफ़ाई नहीं हो सकी है, जगह जगह गंदगी के ढेर हैं लेकिन सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। सरकार के अड़ियल रूख के कारण सफाई कर्मचारी अपना त्यौहार भी नहीं मना पाए। आफताब अहमद ने हड़ताल के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए उनकी मांग मानने का आह्वान किया है।
इस दौरान पीसीसी सदस्य महताब अहमद ने कहा कि सभी लोगों को प्यार प्रेम से अपने गांवों में जिम्मेदार व इमानदार जन प्रतिनिधियों को चुनना चाहिए, गलत छवि व गलत इतिहास के लोगों को नकारना चाहिए।
No Comments: