Header advertisement

गाजियाबाद: वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत रक्षा भूमि राइफल रेंज में रोपे गए 50 हजार पौधे

गाजियाबाद: वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत रक्षा भूमि राइफल रेंज में रोपे गए 50 हजार पौधे

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ के अंतर्गत गाजियाबाद में ‘सबका साथ, वनों का विकास’ तथा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ थीम पर वृहद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रशासन और सामाजिक वानिकी प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में विजयनगर स्थित रक्षा भूमि राइफल रेंज परिसर में 50 हजार पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने भारतीय संस्कृति में वृक्षों के महत्व पर जोर देते हुए नागरिकों से इनके संरक्षण का आह्वान किया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने वृक्षों को धरती का आभूषण बताते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए पौधों का केवल रोपण ही नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा करना भी अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण अभियानों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि जिस स्थान पर आज वृक्षारोपण हुआ है, वहां पहले अतिक्रमण और गंदगी रहती थी, लेकिन अब प्रशासन के प्रयासों से यह क्षेत्र हरित और स्वच्छ हो चुका है। डीएफओ ईशा तिवारी ने जानकारी दी कि जनपद को इस वर्ष 10 लाख 22 हजार 300 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है, जिसे पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर मंत्री नरेंद्र कश्यप, विधायक संजीव शर्मा और जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने हरिशंकरी के पौधे रोपे। डीएफओ ईशा तिवारी और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने भी क्रमशः नीम और महोगनी के पौधे लगाकर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, एसडीएम अरुण दीक्षित, जिला विद्यालय निरीक्षक बुद्ध प्रिय सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव, स्थानीय पार्षद संतराम यादव, समाजसेवी सुभाष गुप्ता और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूनम शर्मा ने किया, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राओं सहित स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

Next Post

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *