नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक के कुशल नेतृत्व में आज सिविक सेंटर के बाहर आम आदमी पार्टी के समस्त निगम पार्षदों ने भाजपा शासित उत्तरी नगर निगम द्वारा जबरदस्ती दिल्ली की जनता पर थोपे जा रहे चार प्रकार के टैक्स जिनमें प्रोफेशनल टैक्स, हाउस टैक्स, प्रॉपर्टी ट्रांसफर टैक्स तथा विद्युत टैक्स शामिल हैं, के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया। स्टैंडिंग काउंसिल के मेंबरों ने भी विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया और विवश होकर भाजपा शासित उत्तरी नगर निगम को इन चार प्रकार के टैक्स का प्रस्ताव वापस लेना पड़ा।
जैसा की ज्ञात है कुछ दिन पहले ही दुर्गेश पाठक ने आम आदमी पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता के माध्यम से उत्तरी नगर निगम द्वारा दिल्ली की जनता पर थोपे जा रहे इन चार प्रकार के टैक्स की जानकारी जनता के साथ साझा की थी। उन्होंने बताया था कि किस प्रकार से जबरदस्ती भाजपा शासित नगर निगम पहले तो दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में यह चारों प्रस्ताव लेकर आई थी, उसके बाद अब उत्तरी दिल्ली नगर निगम में भी भाजपा यह चारों प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया था कि यदि यह प्रस्ताव लागू हुआ तो उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अधीन आने वाले क्षेत्रों में रहने वाले तमाम प्रोफेशनल लोग जैसे कि डॉक्टर, इंजीनियर, आर्किटेक्ट, चार्टर्ड अकाउंटेंट आदि को लगभग ढाई हजार रूपए प्रतिवर्ष प्रोफेशनल टैक्स के रूप में देना पड़ेगा। इसी प्रकार से हाउस टैक्स के नाम पर नगर निगम वर्तमान टैक्स में 34% की बढ़ोतरी करने की तैयारी में थी, जिससे कि सबसे अधिक बोझ सामान्य वर्ग के लोगों की जेब पर पड़ने वाला था। इसी प्रकार प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त पर भी एक टैक्स लगाने की तैयारी थी, जिससे कि दिल्ली में रहने वाला हर एक आम आदमी, जो दिल्ली में अपना घर बनाने का सपना देखता है उसका सपना और भी मुश्किल हो जाता। बड़ी मेहनत मशक्कत के बाद दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी ने दिल्ली की जनता को सस्ती बिजली देने का इंतजाम किया है और पिछले 5 सालों से लगातार दिल्ली की जनता को पूरे देश में सबसे सस्ती दर पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। भाजपा शासित नगर निगम विद्युत टैक्स लगाकर दिल्ली की जनता पर महंगी बिजली थोपने की तैयारी कर रही थी। यदि यह विद्युत टैक्स लागू हो जाता तो अन्य भाजपा शासित राज्यों की तरह दिल्ली में भी बिजली महंगी हो जाती।
अपनी प्रेस वार्ता में दुर्गेश पाठक ने मीडिया के माध्यम से भाजपा शासित नगर निगम को चेताया था, कि यदि यह प्रस्ताव वापस नहीं लिए गए तो आम आदमी पार्टी के पास प्रदर्शन करने के अलावा और कोई चारा नहीं बचेगा। उसी कड़ी में आज सिविक सेंटर के बाहर आम आदमी पार्टी के समस्त निगम पार्षदों ने दुर्गेश पाठक की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया यह विरोध प्रदर्शन दोपहर लगभग 1:00 बजे से शुरू हुआ। 2 से 3 घंटे चले इस प्रदर्शन के कारण भाजपा शासित उत्तरी नगर निगम को घुटने टेकने पड़े और अंततः उत्तरी नगर निगम ने इन चार प्रकार के टैक्स के प्रस्ताव को वापस लिया। एक बार फिर भ्रष्टाचार की हार हुई और सच्चाई की जीत हुई, दिल्ली की जनता की जीत हुई।
No Comments: