Header advertisement

ग़ाज़ियाबाद: नॉनवेज व्यापार वेलफेयर एसोसिएशन ने की बंद दुकानें तत्काल खुलवाने की मांग

गाजियाबाद। नॉनवेज व्यापार वेलफेयर एसोसिएशन गाजियाबाद की ओर से अपर पुलिस आयुक्त को पत्र प्रेषित कर अवगत कराया गया है कि गत 30 जुलाई से व्यापारियों की दुकानें अनावश्यक रूप से बंद हैं, जिसके कारण जिले के लगभग 5,000 व्यापारियों को भारी आर्थिक व मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस सिलसिले में एसोसिएशन के अध्यक्ष सूफी कल्लू कुरैशी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल, जिसमें आजाद समाज पार्टी के नेता सत्यपाल चौधरी और अन्य मीट व्यापारी शामिल थे, ने पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। पदाधिकारियों ने बताया कि पुलिस कमिश्नर ने उनकी समस्या को गंभीरता से सुना और क्षेत्रीय एसीपी से बात करके शर्तों के साथ जल्द दुकानें खुलवाने का आश्वासन दिया है।

एसोसिएशन ने पूर्व में भी पुलिस आयुक्त व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया था, लेकिन शिवरात्रि पर्व संपन्न होने के बावजूद दुकानें बंद रहने से छोटे व मध्यम वर्ग के व्यापारियों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि उनके व्यापारीगण सभी वैधानिक नियमों व खाद्य सुरक्षा प्रावधानों का पालन करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा हेतु उच्च न्यायालय, इलाहाबाद (प्रयागराज) की शरण लेने को विवश होंगे। एसोसिएशन ने मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश देकर बंद पड़ी दुकानों को नियमानुसार शीघ्र खुलवाया जाए ताकि व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न रोका जा सके।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *