संजय सिंह ने राम मन्दिर निर्माण ट्रस्ट पर लगाया ज़मीन खरीद में करोड़ो के घोटाले का आरोप

लखनऊ
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर ज़मीन खरीदने में घोटाला करने के आरोप लगाये हैं। गोमतीनगर स्थित पार्टी कार्यालय में बोलते हुए संजय सिंह ने कहा है कि राम मंदिर ट्रस्ट के नाम पर चम्पत राय ने करोड़ों रुपए चम्पत कर दिये हैं।
संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुछ दस्तावेज पेश करते हुए कहा क‍ि कोई यह कल्पना भी नहीं कर सकता कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के नाम पर कोई घोटाला और भ्रष्टाचार करने की हिम्मत करेगा। लेकिन जो कागजात मैं आपके सामने दिखाने जा रहा हूँ, वो चिल्ला-चिल्ला कर कह रहे हैं कि राम जन्मभूमि ट्रस्ट के नाम पर करोड़ों रुपए चंपत राय जी ने चंपत कर दिए।


संजय सिंह ने कहा कि कुसुम पाठक और हरीश पाठक की 5 करोड़ 80 लाख की ज़मीन रवि मोहन तिवारी एवं सुल्तान अंसारी द्वारा मात्र 2 करोड़ में खरीदी गई। इसके गवाह बने अनिल मिश्र और अयोध्या के मेयर ऋषिकेश उपाध्याय। अयोध्या में गाटा संख्या 243,244,246 की यह भूमि सदर तहसील क्षेत्र के बाग बिजैसी में स्थित है, जिसका क्षेत्रफल 12 हजार 80 वर्ग मीटर है। सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि इसके बाद उस जमीन को चम्पत राय ने तुरन्त रवि मोहन तिवारी एवं सुल्तान अंसारी से राम मंदिर ट्रस्ट के नाम पर 18.50 करोड़ में खरीद ली। जिसके बाद अनिल मिश्रा और ऋषिकेश उपाध्याय फिर से खरीदी के गवाह बनाए गए।

देश दुनिया की अहम खबरें अब सीधे आप के स्मार्टफोन पर TheHindNews Android App


संजय सिंह ने पूछा कि जो जमीन 2 करोड़ में खरीदी गई थी, उसी जमीन को साढ़े अट्ठारह करोड़ में राम मंदिर ट्रस्ट के नाम से क्यों खरीदी गई? संजय सिंह ने कहा कि यह सीधे सीधे मनी लॉन्ड्रिंग का केस है और देश के करोड़ों राम भक्तो के आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है।
संजय सिंह ने कहा जो जमीन मंदिर ट्रस्‍ट ने खरीदी उसके एग्रीमेंट के लिए स्‍टांप पांच बजकर ग्‍यारह मिनट पर खरीदा गया और रवि मोहन तिवारी ने जो जमीन हरीश पाठक से खरीदी पांच बजकर बाइस मिनट पर खरीदी। आखिर ट्रस्‍ट ने स्‍टांप पहले ही कैसे खरीद लिया।


किसी भी ट्रस्‍ट में जमीन खरीद के लिए बोर्ड की मीटिंग करके प्रस्‍ताव पास किया जाता है। ऐसे में सवाल है कि मात्र पांच मिनट में कैसे ट्रस्‍ट ने प्रस्‍ताव पास करके जमीन खरीद ली। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि, प्रभु श्रीराम के नाम पर जिस तेजी से जमीन की कीमत बढ़ी वह अपने आप में रिकार्ड है।


संजय सिंह ने कहा कि, यह करोड़ों लोगों की आस्‍था से जुड़ा मामला है। देश के बहुसंख्‍यक हिंदुओं की इससे आस्‍था जुड़ी हुई है। इसीलिए राम मंदिर निर्माण के नाम पर देश भर से लोगों ने हजारों करोड़ रुपए ट्रस्‍ट को चंदे में दिए। अब उसी ट्रस्‍ट में उनके चंदे की धनराशि भ्रष्‍टाचार की भेंट चढ़ रही है। संजय सिंह ने कहा मेरी प्रधानमंत्री से मांग है कि पूरे मामले की ईडी और सीबीआई से जांच कराकर घोटालेबाजों को जेल भिजवाया जाये।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here