टहलने के लिए निकले मुस्लिम परिवार को जानबूझकर ट्रक से रौंदा

कनाडा
कनाडा में इस्लामोफोबिया की एक दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ टहलने के लिए निकले एक परिवार के पांच सदस्यों को इस्लामोफोबिया से ग्रस्त ट्रक चालक ने रौंद दिया। जिसमें चार सदस्यों की मौत हो गयी। एक का अस्पताल में उपचार चल रहा है। रौंदा गया परिवार पाकिस्तानी मूल का था। परिवार का कसूर सिर्फ इतना था कि वो मुस्लिम था। कनाडा के प्रधानमन्त्री ने घटना पर दुःख व्यक्त किया है। वहीं पाकिस्तान के प्रधानमन्त्री इमरान खान ने घटना को इस्लामोफोबिया से जोड़ा है।


घटना को ओंटारियो प्रांत के सिटी ऑफ लंदन नाम के इलाके मे अंजाम दिया गया। यह जगह टोरंटो से करीब 200 किलोमीटर दूर है। घटना रविवार रात लगभग साढ़े आठ बजे की है। एक मुस्लिम परिवार सड़क पार करने का इंतजार कर रहा था। उसी दौरान आरोपित ट्रक चालक ने टर्न लेकर परिवार को ट्रक से रौंद दिया। मृतकों की पहचान सलमान अफजल (46), उनकी पत्नी मदीहा (44), उनकी बेटी युमना (15) और दादी, 74 के रूप में हुई है। बुजुर्ग महिला के नाम का खुलासा नहीं किया गया। अस्पताल में भर्ती बच्चे का नाम फयाज़ (9) बताया गया है।
सिटी मेयर एड होल्डर ने कहा, “यह मुसलमानों के खिलाफ सामूहिक हत्या का मामला है। आरोपी ने नस्लीय घृणा के चलते इस घटना को अंजाम दिया।”

देश दुनिया की अहम खबरें अब सीधे आप के स्मार्टफोन पर TheHindNews Android App


पुलिस अधिकारी पॉल वेट ने कहा कि ये घटना अचानक नहीं हुई, बल्कि सुनियोजित ढंग से इसे अंजाम दिया गया। अभी तक की जांच ये कहती है कि पीड़ितों को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वे मुस्लिम थे। एक रिपोर्ट के मुताबिक, हमले में मारे गए एक शख्स फिजियोथेरेपिस्ट थे। उनकी पत्नी वेस्टर्न यूनिवर्सिटी में सिविल इंजीनियरिंग पर पीएचडी कर रही थीं। उनकी 15 साल की बेटी 9वीं क्लास में पढ़ती थी। फिजियोथेरेपिस्ट की बुजुर्ग मां की भी इस हमले में मौत हुई है।
घटना के पीड़ितों के परिजनों ने एक बयान जारी किया और कहा कि लोगों को इस्लाम के खिलाफ नस्लीय घृणा और घृणा को रोकने के लिए खड़ा होना चाहिए। सलमान और उनके परिवार को जानने वाले सभी जानते थे कि वह एक बहुत अच्छे मुसलमान थे। परिवार के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में बहुत अच्छा कर रहे थे। उनके बच्चे भी स्कूल की पढ़ाई में अच्छा कर रहे थे।
पुलिस ने ट्रक चला रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी उम्र 20 साल है।

इस घटना के बाद कनाडा में मुस्लिम परिवारों में डर फैल गया। हालात ऐसे बने कि पीएम जस्टिन ट्रूडो को विश्वास दिलाना पड़ा कि पूरा देश और देशवासी उनके साथ हैं। पीएम ने ट्वीट करके कहा कि मैं इस घटना से विचलित हूँ। ये धूर्तता से भरी एक घटिया हरकत है। इस्लाम विरोधी विचारों की हमारे समाज में कोई जगह नहीं है। नफरत को स्वीकार नहीं किया जा सकता है, इसको रोका जाना चाहिए।


पाकिस्तान के प्रधामन्त्री इमरान खान ने ट्वीट करके कहा कि ओंटोरियो में मुस्लिम पाकिस्तानी मूल के कनाडाई परिवार की हत्या की जानकारी पाकर बेहद दुखी हूं। यह निंदनीय आतंकी घटना पश्चिमी देशों में बढ़ रहे इस्लामोफोबिया को सामने लाती है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस्लामोफोबिया का समग्र रूप से सामना करने की आवश्यकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here