शमशाद रज़ा अंसारी
मोदीनगर में रविवार को हुये अग्निकांड में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी। मोदीनगर के बखरवा गांव में मोमबत्ती फैक्ट्री में आग लगने से यह हादसा हुआ। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नही चल सका है। प्रदेश के मुखिया ने मरने वालों के प्रति शोक प्रकट करते हुये शाम तक जाँच रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए हैं।
बखरवा में नितिन नाम के व्यक्ति की मोमबत्ती बनाने की फैक्ट्री है। इस फैक्ट्री में बर्थडे केक पर लगने वाले पेंसिल बम और मोमबत्ती बनाई जाती हैं। फैक्ट्री में महिलाओं और बच्चे भी काम करते हैं। रविवार दोपहर फैक्ट्री में अचानक आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री के अंदर से चीख-पुकार की आवाज़ें आने लगीं। स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए अंदर से 10 लोगों को निकाल लिया।
आग की चपेट में आने से अभी तक सात लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में छह महिलाएं और एक बच्चा है। कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है।
चीफ फायर सेफ्टी ऑफिसर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि 4 बजे के करीब यहां पर आग एक छप्पर में लगी। जिसके बाद पूरी फैक्ट्री में यह आग फैल गई। अंदर काम कर रहे लोग बाहर नहीं निकल सके। जलने की वजह से इन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे और तुरन्त प्रतिक्रिया देते हुये आग में मरने वालों और दुःख प्रकट किया। योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी अजय शंकर पांडे तथा एसएसपी कलानिधि नैथानी को घटनास्थल पर पँहुच कर घायलों को राहत पँहुचाने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने हादसे को गम्भीरता से लेते हुये अधिकारियों को घटनास्थल की जाँच करके शाम तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
No Comments: