नई दिल्ली : केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहाँ कहा कि “सेहत की वैक्सीन” पर “सियासत की रैक्सीन”, “पिटे पॉलिटिकल प्लेयर्स का पागलपन” है। आज मुंबई के हज हाउस में हज कमेटी ऑफ़ इंडिया के अधिकारियों एवं हज ग्रुप ऑर्गनाइजर्स के साथ बैठक के बाद नकवी ने कहा कि कोरोना की वैक्सीन पर वही लोग सवाल उठा रहे हैं जो कोरोना के संकट के समय लोगों की सेहत-सलामती के लिए मोदी सरकार द्वारा उठाये गए कदमों पर प्रश्न खड़ा करते रहे।

जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार देश के हर जरूरतमंद की सेहत-सलामती के लिए बिना थके-बिना रुके काम करती रही।

देश दुनिया की अहम खबरें अब सीधे आप के स्मार्टफोन पर TheHindNews Android App

नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना के संकट के समय आगे बढ़ कर “संकटमोचक” की भूमिका निभाई है। मोदी की दूरदर्शिता, प्रभावी नेतृत्व का ही नतीजा है कि इतनी बड़ी जनसँख्या वाला देश होने के बावजूद भारत ने कोरोना के कहर के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ी है। मोदी ने कोरोना काल को आपदा नहीं बनने दिया बल्कि “आत्मनिर्भर भारत” बनाने के एक अवसर में तब्दील कर दिया।

नकवी ने कहा कि कोरोना की चुनौतियों के दौरान 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को मुफ्त राशन मुहैया कराया गया; 8 करोड़ से ज्यादा परिवारों को 3 महीने का निशुल्क गैस सिलिंडर दिया गया; 20 करोड़ महिलाओं के जन धन खाते में 1500 रूपए दिए गए; कोरोना से लड़ने के लिए केंद्र सरकार ने राज्यों को 17 हजार करोड़ रूपए से ज्यादा जारी किये;

श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के जरिये 60 लाख से अधिक प्रवासियों को उनके गृह राज्यों तक पहुंचाया गया; 20 लाख करोड़ रूपए का ”आत्मनिर्भर भारत पैकेज” लाया गया; किसान सम्मान निधि का लाभ 10 करोड़ से अधिक किसानों को दिया गया; “आत्मनिर्भर भारत पैकेज” के तहत कृषि क्षेत्र के लिए 1 लाख करोड़ रूपए की घोषणा की गई; डेरी से फेरी वालों तक की चिंता की गयी। इन सभी जन कल्याण के कार्यों पर भी ऐसे ही लोग प्रश्न खड़े करते रहे हैं।

नकवी ने कहा कि ऐसे ही लोग अब देश के हजारों वैज्ञानिकों के परिश्रम के परिणाम स्वरूप तैयार वैक्सीन पर सवालिया निशान उठा कर लोगों के बीच भ्रम पैदा करने की साजिश कर रहे हैं। कुछ लोगों ने “फतवे की दुकान” खोल रखी है और सब्जी की तरह “फतवे” बेचते हैं। इस तरह ये जो “फतवे के फर्ज़ी फेडरेशन हैं” ये हमेशा लोगों को गुमराह करने के लिए खड़े होते हैं।

नकवी ने कहा कि यह गर्व की बात है कि कोरोना के खिलाफ जिन दो वैक्सीन के इमरजेंसी इस्तेमाल को मंजूरी दी गई है, वे दोनों “मेड इन इंडिया” हैं। यह “आत्मनिर्भर भारत” के सपने को पूरा करने के संकल्प का पुख्ता प्रमाण है।

नकवी ने आज हज हाउस मुंबई में हज 2021 के सम्बन्ध में विभिन्न मुद्दों पर हज कमिटी ऑफ़ इंडिया के अधिकारियों एवं हज ग्रुप ऑर्गनाइजर्स के साथ चर्चा की। नकवी ने कहा कि भारत से जाने वाले सभी हज यात्रियों को कोरोना का टीका लगाने की व्यवस्था की जा रही है।

नकवी ने कहा कि हज 2021 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 जनवरी 2021 है। साथ ही हज यात्रियों के अनुमानित खर्च में भी कमी की गई है। अभी तक हज के लिए आवेदन करने वाले लोगों में लगभग 50 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं। बिना “मेहरम” (पुरुष रिश्तेदार) के 700 से अधिक महिलाओं ने हज 2021 पर जाने के लिए आवेदन किया है।

हज 2020 के लिए 2100 से अधिक महिलाओं ने बिना “मेहरम” के हज पर जाने के लिए आवेदन किया था, ये महिलाएं इस बार हज पर जा सकेंगी। बिना “मेहरम” के हज पर जाने वाली महिलाओं के हज 2020 के लिए किये गए आवेदन हज 2021 के लिए भी मान्य रहेंगे, इसके साथ नए आवेदन करने वाली महिलाओं को भी हज 2021 पर बिना लॉटरी के जाने की व्यवस्था की गई है।

नकवी ने कहा कि कोरोना पैंडेमिक पोजीशन और एयर इंडिया सहित विभिन्न एजेंसियों से प्राप्त फीडबैक के चलते इम्बार्केशन पॉइंट्स की संख्या जो पहले 21 थी वह हज 2021 के लिए 10 रहेगी। हज 2021 के लिए 10 इम्बार्केशन पॉइंट्स निर्धारित किये गए हैं- अहमदाबाद, बेंगलुरु, कोच्चि, दिल्ली, गुवाहाटी, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई और श्रीनगर।

अहमदाबाद एम्बार्केशन पॉइंट से गुजरात के सभी हज यात्री; बेंगलुरु से (कर्नाटक के सभी हज यात्री); कोच्चि से (केरल, लक्षद्वीप, पुड्डुचेर्री, तमिलनाडु, अंडमान एवं निकोबार); दिल्ली से (दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, उत्तराखंड, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश के पश्चिम क्षेत्र); गुवाहाटी से (असम, मेघालय, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड); हैदराबाद से (आँध्र प्रदेश, तेलंगाना); कोलकाता से (पश्चिम बंगाल, ओडिशा, त्रिपुरा, झारखण्ड, बिहार); लखनऊ से (पश्चिम उत्तर प्रदेश को छोड़ कर उत्तर प्रदेश के अन्य सभी क्षेत्र); मुंबई से (महाराष्ट्र, गोवा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दमन और दीव, दादर व नगर हवेली) एवं श्रीनगर से (जम्मू-कश्मीर, लेह-लद्दाख-कारगिल) के हज यात्री यात्रा करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here