Header advertisement

भ्रष्टाचार के खिलाफ सराहनीय कार्य और युवाओं में लोकप्रियता को देखते हुए केजरीवाल ने गुजरात प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी

नई दिल्ली : गुजरात में भ्रष्टाचार के खिलाफ युवाओं की आवाज बन चुके गोपाल इटालिया को आज आम आदमी पार्टी हाई कमान ने गुजरात का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। गोपाल ने गुजरात में व्याप्त भ्रष्टाचार से तंग आकर पहले पुलिस और फिर रेवेन्यू डिपार्टमेंट की नौकर छोड़ दी और अब वे आम आदमी पार्टी के माध्यम से भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेश व्यापी मुहिम चला रहे हैं। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर गुजरात प्रभारी गुलाब सिंह ने उन्हें बधाई दी है।

गोपाल इटालिया को गुजरात आम आदमी पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। गोपाल इटालिया करीब 31 वर्ष के हैं। वर्ष 2012 में गुजरात पुलिस में बतौर कांस्टेबल भर्ती हुए थे। इसके बाद उनका 2015 में रेवेन्यू डिपार्टमेंट में चयन हो गया था। गोपाल इटालिया वर्ष 2015 से 2017 तक रेवेन्यू डिपार्टमेंट में क्लर्क के पद पर तैनात रहे। इस पद पर रहते हुए इन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम छेड़ी।

इस दौरान इन्हें काफी राजनीतिक दबाव का सामना करना पड़ा। इन्हें भ्रष्टाचार और राजनीतिक दबाव के कारण नौकरी छोड़नी पड़ी। नौकरी छोड़ने के बाद इन्होंने युवाओं को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करने के लिए पूरे गुजरात में अभियान चलाया। युवाओं को साथ लेकर गुजरात में पदयात्राएं निकालीं और बड़े पैमाने पर पूरे गुजरात के अंदर भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम से जुड़े हैं। इन्होंने फरवरी में आम आदमी पार्टी को ज्वाइन किया था। भ्रष्टाचार के खिलाफ इनके काम को देखते हुए और युवाओं में लोकप्रियता को देखते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज इन्हें गुजरात आम आदमी पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

गुजरात प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर गोपाल इटालिया ने कहा कि आज बहुत ही खुशी का दिन है। मुझे आम आदमी पार्टी गुजरात प्रदेश का अध्यक्ष बनाया गया है। मुझे नई जिम्मेदारी दी गई। इस मौके पर मैं हमारे राष्ट्रीय आदर्श एवं पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के यशस्वी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करता हूं। हमारे सह प्रभारी गुलाब सिंह यादव और गुजरात के वरिष्ठ किशोर काका देसाई का धन्यवाद करता हूं। आम आदमी पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा किया है और मुझे जो नई जिम्मेदारी दी है, मैं उसे पूरी मेहनत, पूरी लगन और पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाउंगा।

आम आदमी पार्टी गुजरात में तेजी से आगे बढ़े, संगठन का विस्तार हो और संगठन मजबूत बने, गुजरात के लोगों को नया राजनीतिक विकल्प मिले, युवा और इमानदार विकल्प मिले, इसके लिए हम लोग जी-जान से मेहनत करेंगे। गुजरात प्रदेश के सभी पदाधिकारियों, सभी साथियों, कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और आम आदमी पार्टी में विश्वास रखने वाले सभी लोगों का मैं दिल से धन्यवाद करता हूं। मैं उम्र में छोटा हूं, मेरा राजनीतिक अनुभव भी बहुत कम है। इस काम में जब मैं आगे बढ़ रहा हूं, तो मुझे आपके मार्गदर्शन की हर वक्त जरूरत रहेगी। मुझे आपसे हर वक्त सहयोग मिलता रहे और मार्गदर्शन मिलता रहे, यही मेरी आप सभी से विनती है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *