Header advertisement

तिरंगा देश की संप्रभुता और स्वाभिमान का सर्वोच्च प्रतीक है, इसके मान-सम्मान का रखें ध्यान: राकेश कुमार सिंह

तिरंगा देश की संप्रभुता और स्वाभिमान का सर्वोच्च प्रतीक है, इसके मान-सम्मान का रखें ध्यान: राकेश कुमार सिंह

ग़ाज़ियाबाद। समूचा भारत देश आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। लोगों में वीर शहीदों, क्रांतिकारियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, महापुरुषों के प्रति सम्मान उनके द्वारा किए गए पुरुषार्थ बलिदान की किस्से कहानियों से भावी पीढ़ी को अवगत कराने के लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत शासन की मंशा के अनुसार राष्ट्रीय पर्व 76वां स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम आज जनपद में बहुत ही उल्लास, परंपरागत एवं गौरवमयी याद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करते हुए मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। यहां पर जिलाधिकारी ने निर्धारित समय पर झंडारोहण करने के उपरांत सामूहिक राष्ट्रगान में भाग लिया। उसके बाद कलेक्ट्रेट के सभागार में देश के अमर शहीदों के बलिदानों की याद में एक वृहद विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि के रूप में अपने उद्गार व्यक्त करते हुए सर्वप्रथम उपस्थित अधिकारियों एवं नागरिकों तथा जनपद वासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए सभी जनपद वासियों के परिवारों सहित उनके जीवन की खुशहाली की कामना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज हम भारत का राष्ट्रीय पर्व 76वा स्वतंत्रता दिवस बहुत ही उल्लास एवं परंपरागत ढंग से मना रहे हैं। हमारे देश के अमर शहीदों के बलिदान के कारण हमें आज यह अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारे देश के अमर शहीदों ने भारत देश का जो सपना संजोया था उसमें बहुत कुछ सफलता हमको प्राप्त हुई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जन-जन में देश के प्रति आस्था, सम्मान, राष्ट्र प्रेम के भाव को जागृत करने के लिए मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के दिशा-निर्देशन में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 13 से 15 अगस्त तक “हर-घर तिरंगा” कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी जनपद वासियों द्वारा तिरंगा फहराया गया जिससे प्रतीत होता है कि शून्य से शिखर की ओर अग्रसर देश की विकास यात्रा में स्वाभिमान, स्वाधीनता और स्वावलंबन का सहज भाव इस समय प्रत्येक देशवासी की आंखों में देखा जा सकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि आजादी की 75वीं सालगिरह पर समूचा देश वीर शहीदों को नमन कर रहा है। प्रधानमंत्री की प्रेरणा एवं मुख्यमंत्री का अनूठा मार्गदर्शन प्रदेशवासियों को एक नई राह दिखा रहा है। उन्होंने जनपद वासियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि हम सभी ने प्रधानमंत्री द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर “हर-घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होनें कहा कि यह तिरंगा महज खादी, पालिएस्टर या किसी कागज से बना कुछ समय के लिए फहराने वाला झण्डा नहीं है, बल्कि देश का हर-घर तिंरगे के तीनों रंगों के भावों को स्थायी रुप से आत्मसात करेगा। झंडे का केसरिया रंग हर-घर की ताकत और हर देशवासी के साहस का प्रतीक बनेगा। श्वेत रंग शांति और सत्य का संदेश देगा एवं हरा रंग देश की खुशहाली और सम्पन्नता को दर्शाएगा। उन्होंने कहा कि आज हमने अपनी आजादी को 75वां वर्ष पूर्ण कर व 76वां वर्ष में हम प्रवेश कर रहे हैं। इस अमृत महोत्सव के दौरान विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इससे सरकार का कोई भी विभाग अछूता नहीं रहा सभी ने इस जश्न में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। सभी ने बढ़-चढ़ कर एक से एक कार्यक्रम किए। उन्होंने कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज हमें प्रेरणा देता है कि हम शांति के साथ उन्नति की ओर अग्रसर हो साथ ही जिन लोगों ने आजादी के लिए हँसते-हँसते अपने प्राणों की आहुति दे दी, जिन्होने अपने जीवन में सबकुछ त्याग कर देश की आजादी के लिए संघर्ष किया, हमें उन्हें हमेशा याद रखना चाहिए तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर अपना जीवन सफल बनाना चाहिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विवेक श्रीवास्तव ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए संकल्प लेने व चिन्तन करने का दिन है। हम सभी चिन्तन करके देखें कि देश किन मामलों मे अभी भी पिछड़ा है और इस पिछड़ेपन को दूर करने के लिए संकल्प लेकर सामूहिक रूप से उन कमियों का निराकरण करें, जिससे राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सके। उन्होने राष्ट्र धर्म को सबसे बड़ा धर्म बताते हुए कहा कि हमें इसका पालन पूरी ईमानदारी एवं समर्पण भावना से करने की जरूरत है। उन्होंने देश के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनके अपार बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में आजादी का पर्व मना रहे हैं। हमारे देश के अमर शहीदों के द्वारा भारत के लिए जो सपने सजाए गए थे, आज उनको साकार करने के लिए हम सभी को कृत संकल्पित होकर अपने दायित्वों को निर्वहन करना होगा, ताकि देश के अमर शहीदों का सपना साकार हो सके और भारत देश की स्वतंत्रता आगे भी अक्षुण्ण बनी रहे।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु सुहास ने कहा कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली। इसके लिए हजारों वीर सपूूतों को बलिदान देना पड़ा है। हर नागरिक को देश हित में कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि देश को आजाद हुए 75 साल हो गए हैं। इस कालखंड में देश में बेहतर विकास हुआ है। भारत का लोकतंत्र मजबूत हो रहा है। हमारे पूर्वजों ने लंबे संघर्ष के बाद देश को आजादी दिलाई। इसे अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए जरूरी है कि हम अपने दायित्वों का पालन ईमानदारी और निष्ठा से करें। सरकार की योजनाओं का पारदर्शी तरीके से हर पात्र तक पहुंचाना हम सबकी प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि हर कोई आत्मनिर्भर बने, यही हर व्यक्ति की असली स्वतंत्रता होगी। इस अवसर पर के0डी0बी0 स्कूल के बच्चों द्वारा देश प्रेम से सम्बन्धित गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र, मिठाई एवं पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।

इसी क्रम में विकास भवन प्रांगण में सर्वप्रथम मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक के द्वारा निर्धारित समय पर झंडारोहण करने के उपरांत सामूहिक राष्ट्रगान में भाग लिया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में समस्त जन सामान्य को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी एवं अपने उद्गार व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता दिवस के इतिहास पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरे प्रदेश के समग्र विकास हेतु कृतसंकल्पित है और इस दिशा में गम्भीरता से प्रयास किए जा रहे है। लेकिन जनपद स्तर पर जब तक विकास कार्यो का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन नही होगा, तब तक प्रदेश स्तर पर शासन की मंशानुरूप विकास परिलक्षित नही होगा। अत: जनपद स्तर व अन्य निचले स्तर के विकास कार्यो में संलग्न सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा व ईमानदारी से कार्य करके प्रदेश के विकास में अपना योगदान दें। मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचरियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाए देते हुए कहां की हम सबको अपने कर्तव्यो को सेवा भाव से निर्वहन करना होगा। साथ ही आमजनता की समस्याओं को संवेदनशीलता व गम्भीरता से सुनकर उनका निस्तारण सुनिश्चित करना होगा, जिससे आमजन को सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि आज स्वतंत्रता दिवस पर सभी संकल्प लें कि अपने शासकीय कर्तव्यों व दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा व लगन से करके देश व प्रदेश के विकास में अपना योगदान देगें।

स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु सुहास, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विवेक श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी नगर बिपिन कुमार, नगर मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह, एसीएम चंद्रेश कुमार, एसीएम शाल्वी अग्रवाल, एसीएम निखिल चक्रवर्ती, अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण तथा कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *