नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा एमसीडी को नहीं चला पा रही है, तो वह इसे खाली कर दें, हम इसे चलाकर दिखाएंगे। साथ ही उन्होंने दिल्ली के लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि आप दिल्ली नगर निगम हमें दें, हम इसे इतने ही बजट में चलाकर दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि जब से एमसीडी में भाजपा आई है तब से हम उनका रोना ही सुन रहे हैं। वह सिर्फ छोटे बच्चों की तरह रो रहे हैं।

सौरभ भारद्वाज ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की एमसीडी के पास डॉक्टरों को देने के लिए पैसे नहीं होते, डॉक्टर हड़ताल पर चले जाते हैं। अस्पताल के अंदर मरीज बिना इलाज के मर जाते हैं। इनके पास सफाई कर्मचारियों को देने के लिए पैसे नहीं होते। सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले जाते हैं, पूरी दिल्ली कूड़ा-कूड़ा हो जाती हैं, भाजपा ने दिल्ली को कूड़े का प्रदेश बना दिया हैं। दिल्ली की जनता परेशान होती है लेकिन भाजपा शासित एमसीडी को कोई फर्क नहीं पड़ता है।

देश दुनिया की अहम खबरें अब सीधे आप के स्मार्टफोन पर TheHindNews Android App

उन्होंने आगे कहा कि जब भाजपा ने एमसीडी का चुनाव लड़ा, तो उनको अच्छी तरह पता था कि एमसीडी का कितना बजट है। उनको मालूम था कि एमसीडी के कर्मचारियों को वेतन देना पड़ता है। सारी जानकारी होने के बाद ही उन्होंने चुनाव लड़ा और एमसीडी की जिम्मेदारी संभाली। हम भाजपा को कहना चाहते हैं कि वो बच्चों की तरह रोना बंद करे। अगर आप वेतन दे सकते हैं, तभी एमसीडी में रहें, अन्यथा इस्तीफा देकर इसे खाली कर दें। हम इतने ही बजट में एमसीडी को अच्छी तरह चलाकर दिखाएंगे।

मीडिया के माध्यम से सौरभ भारद्वाज ने पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं से एक अपील भी की। उन्होंने कहा कि हमारे जितने भी नेता और कार्यकर्ता हैं, वो अच्छी तरह से जानते हैं कि दिल्ली के लोगों की 95 प्रतिशत परेशानियां सिर्फ एमसीडी से जुड़ी हुई हैं और लोग इस बारे में हमसे बात करते हैं। मैं अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं से कहना चाहता हूं कि वो लोगों के बीच जाकर अपील करें कि वो एमसीडी हमें दें, हम दिल्ली को स्वच्छ बनाकर दिखाएंगे। हम झाड़ू भी लगाएंगे और कूड़ा भी उठाएंगे और दिल्ली को स्वच्छ बनाकर दिखाएंगे। सौरभ भारद्धाज ने कहा कि प्रदेश की कॉलोनियों की सड़कें 15 साल से नहीं बनीं हैं। हमारे नेता और कर्मचारी दिल्ली के लोगों से कहें कि एमसीडी हमें दीजिए हम सड़कें बनवाएंगे, हम दिल्ली के पार्कों को साफ कर के दिखाएंगे, डॉक्टरों और कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा है, आप एमसीडी हमें दो, हम वेतन देकर दिखाएंगे। हम बिना टैक्स बढ़ाए, बिना भ्रष्टाचार करे, इतने ही बजट में, एमसीडी को चलाकर दिखाएंगे।

आप नेता ने आगे कहा, हम लोगों से कहना चाहते हैं कि दिल्ली में नालों की सफाई नहीं हो पाती, बरसात में दिल्ली डूब जाती है, आप एमसीडी हमें दीजिए, हम स्वच्छ और बिना जलभराव वाली दिल्ली बनाकर दिखाएंगे। हम अंतर्राष्ट्रीय स्तर की दिल्ली बनाकर दिखाएंगे। जिस तरह से हमारा शिक्षा और स्वास्थ्य का मॉडल पूरे देश में जाना जाता है, उसी तरह दिल्ली नगर निगम का मॉडल भी पूरे देश में जाना जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here