नई दिल्ली : दुर्गेश पाठक ने कहा कि आम आदमी पार्टी 22 दिसंबर को सभी 272 वार्डों में पदयात्रा निकालेगी और भाजपा शासित एमसीडी में हुए 2500 करोड़ रुपए के घोटाले को एक जनांदोलन बनाएगी।

‘आप’ कार्यकर्ता दिल्ली के सभी वार्डों में जनसंपर्क कर एमसीडी में किए गए भाजपा के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करेंगे और इनके कुकर्मों को दिल्ली वालों के सामने रखेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा जब एमसीडी में कोई घोटाला नहीं होने का दावा कर रही है, तो उसे सीबीआई जांच से डर क्यों लग रहा है?

देश दुनिया की अहम खबरें अब सीधे आप के स्मार्टफोन पर TheHindNews Android App

वहीं, ‘आप’ विधायक विनय मिश्रा ने द्वारका एरिया में एक अवैध चप्पल फैक्ट्री में आग लगने से दो मासूम बच्चों की मौत पर भाजपा नेताओं को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के सह पर चल रही अवैध फैक्ट्री व निर्माण स्थलों पर रोजाना हादसे हो रहे हैं।

दो दिन पहले द्वारका एरिया में अवैध चप्पल फैक्ट्री में आग लगने से दो मासूम बच्चों की मौत इसका उदाहरण है। दुर्गेश पाठक ने कहा कि ‘आप’ इस अग्निकांड मामले में स्थानीय पुलिस से शिकायत कर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेगी।

दुर्गेश पाठक और द्वारका से ‘आप’ विधायक विनय मिश्रा ने संयुक्त प्रेसवार्ता को संबोधित किया। दुर्गेश पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने एमसीडी के अंदर ढाई हजार करोड रुपए का घोटाला किया है।

यह ढाई हजार करोड़ रुपये जनता के पैसे थे और दिल्ली वालों के पैसे थे। दिल्ली की जनता ने टैक्स के रूप में ये रुपए एमसीडी को दिए थे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने 2500 करोड रुपए का घोटाला किया है।

पूरे भ्रष्टाचार के बारे में पिछले हफ्ते जब उत्तरी एमसीडी, दक्षिणी एमसीडी और पूर्वी एमसीडी का बजट आया, तो उसके दस्तावेजों से इसका पता चला। इस भ्रष्टाचार की सीबीआई जांच कराने के लिए आम आदमी पार्टी सड़क से लेकर विधानसभा तक संघर्ष कर रही है।

कुछ दिन पहले हमारे पांच विधायक राघव चड्ढा, कुलदीप, ऋतुराज, संजीव और राजेश गुप्ता, अमित शाह जी से मिलने जा रहे थे। उन से निवेदन कर रहे थे कि इस पूरे मामले की जांच कराई जाए, लेकिन उनको उनके घर के अंदर ही नजर बंद कर दिया गया। वहां से उठा कर उनको थाने में डाला गया।

दुर्गेश पाठक ने कहा कि कालकाजी से विधायक आतिशी हमारे तीनों एमसीडी के नेता प्रतिपक्ष के साथ राज्यपाल से मिलने जा रही थीं। उन्हें उपराज्यपाल से मिलने ही नहीं दिया गया, बल्कि वहां उनको बर्बरता पूर्वक घसीटा गया।

पुलिस ने बहुत बर्बरता पूर्वक घसीटकर जेल में डाल दिया। हमने विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया। जब विधानसभा सत्र में हमने सीबीआई जांच की मांग का प्रस्ताव रखा, तो भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने पूरे प्रस्ताव का विरोध किया।

आम आदमी पार्टी ये पूछना चाहती है कि जब आप कहते हैं कि इसमें कोई भ्रष्टाचार नहीं है, तो जांच से किस बात का डर लगता है।

दुर्गेश पाठक ने कहा कि अब इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी भाजपा शासित एमसीडी में हुए 2500 करोड़ के घोटाले को एक जन आंदोलन बनाएगी। आम आदमी पार्टी मंगलवार (22 दिसंबर) को दिल्ली के सभी 272 वार्डों के अंदर एक बहुत सघन पदयात्रा निकलेगी।

हमारे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता उन वार्डों के अंदर जनसंपर्क करेंगे। जनसंपर्क के माध्यम से दिल्ली की जनता को भारतीय जनता पार्टी के कुकर्मों और ढ़ाई हजार करोड़ रुपए के घोटाले के बारे में बताएंगे। भारतीय जनता पार्टी ने जो घोटाला किया है, वो कर्मचारियों के वेतन था। इस पैसे से सफाई कर्मचारियों को टीए-डीए बोनस मिल सकता था।

डॉक्टरों को तनख्वाह मिल सकती थी। भारतीय जनता पार्टी के नेता उनका पैसा पूरी तरह से खा गए। इसको लेकर परसों मंगलवार को  दिल्ली के सभी 272 वार्डों के अंदर आम आदमी पार्टी जनसंपर्क का कार्यक्रम करेगी और पद यात्रा निकालेगी। दिल्ली के एक-एक घर में जाकर भारतीय जनता पार्टी को बेनकाब करेंगी।

भारतीय जनता पार्टी के कुकर्म को दिल्ली की जनता के सामने लेकर आएगी।

विनय मिश्रा ने द्वारका एरिया में स्थित एक अवैध चप्पल फैक्ट्री में दो दिन पहले आग लगने से दो मासूम बच्चों की मौत के मामले को उठाते हुए भारतीय जनता पार्टी को घेरा। विधायक विनय मिश्रा ने कहा कि जिस द्वारका विधानसभा से मैं चुनकर आता हूं, वहां सागरपुर के दयाल पार्क क्षेत्र में दो दिन पहले अवैध फैक्ट्री में आग लग गई।

फैक्ट्री में चप्पल बनती थी। उस फैक्ट्री में आग लग गई और दो मासूमों की मौत हो गई। इनमें एक बच्चा 4 साल का और दूसरा 5 साल का था। हम लोगों ने कल उनका दाह संस्कार करवाया। यह घटना सिर्फ द्वारका में नहीं देखोगे। आप अखबार खोल कर देखिए, तो रोजाना किसी न किसी क्षेत्र में आपको इस तरह की घटना मिलेंगी।

आज आपने पढ़ा होगा कि कल ख्याला में छज्जा गिरने से मौत हो गई। इस तरह के अवैध फैक्ट्री इनके नेताओं के भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here