नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी ने भारत -चीन सीमा पर तनाव और कोरोना महामारी के बीच राजस्थान में सरकार बचाने व गिराने में व्यस्त भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की कड़ी आलोचना की है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि ऐसे समय में जब भारत- चीन सीमा पर तनाव है और देश में कोरोना महामारी का खतरा बढ़ता जा रहा है, सभी पार्टियों को एकजुट होकर लड़ना चाहिए, लेकिन भाजपा और कांग्रेस राजस्थान में विधायकों की खरीद- फरोख्त व जोड़तोड़ की राजनीति में लगी हुई हैं। ऐसा लगता है कि इन्हें देश की और देश की जनता की कोई चिंता नहीं है। सांसद संजय सिंह ने कहा कि अभी तक 8 राज्यों में कांग्रेस के 131 विधायक पैसा और मंत्री पद के लालच में भाजपा के हाथों बिक कर अपनी पार्टी छोड़ चुके हैं।

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने अपने आवास पर एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि आज जब भारत और चीन की सीमा पर तनाव है, युद्ध की स्थितियां बनी हुई है। चीन भारत की सीमा में जबरन घुसपैठ कर रहा है और भारतीय सैनिक उन्हें मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। पूरा देश कोरोना महामारी के संकट से जूझ रहा है। ऐसी स्थिति में देश की दो राष्ट्रीय पार्टियां भाजपा और कांग्रेस जिस प्रकार से राजस्थान के अंदर खरीद-फरोख्त और जोड़-तोड़ की राजनीति में लगी हुई है। यह सब कुछ देख कर देश की जनता बेहद दुखी है। यह वक्त खरीद-फरोख्त और जोड़-तोड़ की राजनीति करने का नहीं, बल्कि समस्त पार्टियों को एकजुट होकर देश के साथ और देश की सेना, जो चीन से लड़ रही है, उनके साथ खड़े होने का वक्त है।

देश दुनिया की अहम खबरें अब सीधे आप के स्मार्टफोन पर TheHindNews Android App

उन्होंने कहा कि आज पूरा देश कोरोना की महामारी से जूझ रहा है, जिसके कारण हजारों लोगों की मृत्यु हो चुकी है। करोड़ों लोग बेरोजगार हो गए। प्रवासी मजदूर पलायन करते हुए भूख से तड़प-तड़प कर मरे। देश में कोरोना मरीजों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ती जा रही है। ऐसी स्थिति में जब सबको मिलकर इसको रोकना चाहिए और चीन से लड़ना चाहिए, ऐसे में देश की दो राष्ट्रीय पार्टियां भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस राजस्थान के अंदर इस गंदी, घिनौनी और ओछी राजनीति करने में लगी हुई हैं, जो हमारे लोकतंत्र के ऊपर धब्बा है, जो हमारे संविधान के ऊपर प्रहार है। उन्होंने कहा कि इन दोनों पार्टियों की इस गंदी राजनीति को देखते हुए देश की जनता के मन में एक प्रश्न तो उठता है कि क्या इन दोनों पार्टियों को देश की जनता की कोई चिंता है? क्या इन दोनों राष्ट्रीय पार्टियों को चीन के साथ जो हालात बने हुए हैं, उसकी कोई चिंता है? जो कोरोना महामारी के कारण लोगों की जान जा रही है, उसकी कोई चिंता है? संजय सिंह ने कहा कि इन दोनों ही राष्ट्रीय पार्टियों को केवल और केवल सत्ता की चिंता है।

कांग्रेस पार्टी के विधायकों से संबंधित कुछ आंकड़े प्रस्तुत करते हुए संजय सिंह ने कहा कि यह वे लोग हैं, जो पैसे और मंत्री पद के लालच में भाजपा के हाथों बिक कर अपनी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए….

उत्तराखंड में 9 विधायक
अरुणाचल में 43 विधायक
मणिपुर में 4 विधायक
गुजरात मे 16 विधायक
गोवा में 10 विधायक
कर्नाटक में 17 विधायक
मध्यप्रदेश में 20 विधायक
तेलंगाना में 12 विधायक

और राजस्थान का नाटक अभी जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here